उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर पटाखे फोड़ने से बढ़े प्रदूषण को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि पटाखे फोड़ने से हुआ प्रदूषण कुछ समय में कम हो जाएगा। योगी ने इस मुद्दे पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार से पूरे सिस्टम को नुकसान पहुंचाने वालों पर कोई कुछ नहीं बोलता, लेकिन जनता एक दिन पटाखे जला दे तो प्रदूषण का सवाल उठने लगता है।
उन्होंने कहा कि “चिंता मत कीजिए; प्रदूषण भी कम हो जाएगा। जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे तंत्र को प्रदूषित कर दिया, उनसे तो कोई कुछ नहीं कहता। लेकिन अगर जनता ने एक दिन पटाखे फोड़ लिए, तो प्रदूषण फैल गया! अगर प्रदूषण हुआ है, तो वह कम भी हो जाएगा। कोई बात नहीं। यह अच्छी बात है कि लोगों ने धूम-धड़ाके से दीपावली मनाई और पटाखे फोड़े। हमने कोई प्रतिबंध न लगाने का फैसला किया। मैं भी अयोध्या में आतिशबाजी के बीच ही मौजूद था। जब कोई त्यौहार मनाता है, तब तो लोग प्रदूषण की बात करने लगते हैं, लेकिन जब कोई कुछ गलत काम करता है, तब कोई नहीं बोलता।”
