BoCial ( बोशल )

BoCial (बोशल)

बंकर रॉय का 81 वर्ष की उम्र में निधन, गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की छोड़ी विरासत

Bunker Roy, बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता

Bunker Roy: बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता संजीत ‘बंकर’ रॉय का मंगलवार सुबह राजस्थान के तिलोनिया स्थित उनके घर पर निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। उनके साथ पत्नी और सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय भी मौजूद थीं। अंतिम संस्कार मंगलवार शाम 4 बजे तिलोनिया में होगा। 1945 में जन्मे बंकर रॉय ने दून स्कूल और दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़ाई की थी। वह तीन बार राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियन भी रहे, लेकिन 1966 में बिहार के अकाल के दौरान गांवों में काम करने का अनुभव उनके जीवन की दिशा बदल गया। उन्होंने 1972 में तिलोनिया में सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर की स्थापना की, जिसे बाद में बेयरफुट कॉलेज के नाम से पहचान मिली। यहां ग्रामीणों, खासकर महिलाओं को सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया गया। उनकी पहल से ग्रामीण महिलाओं ने ‘बेयरफुट सोलर इंजीनियर’ बनकर देश-विदेश के गांवों में बिजली पहुंचाने में योगदान दिया। 2010 में टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में ‘थिंकर्स’ श्रेणी में शामिल किया था। उनकी पत्नी अरुणा रॉय पूर्व आईएएस अधिकारी और सूचना का अधिकार कानून के लिए चले आंदोलन की प्रमुख हस्तियों में शामिल रही हैं।