अमेरिका ने ईरान की मदद करने के आरोप में भारत और तुर्किये की कंपनियों और कुछ लोगों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के मुताबिक, भारत में चंडीगढ़ के सुनील कुमार शर्मा, उनकी पत्नी जसप्रीत प्रीति शाहिद और उनसे जुड़ी कंपनियों पर ईरान के लिए तेल ले जाने वाले प्रतिबंधित जहाजों को फर्जी झंडे और समुद्री प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने का आरोप है। इस कार्रवाई में भारत की नौ कंपनियों और तुर्किये की फ्यूगो ग्राउंड सर्विसेज को भी निशाना बनाया गया है। यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ का हिस्सा है। इसका मकसद ईरान की तेल बिक्री से होने वाली कमाई रोकना और उसकी आर्थिक गतिविधियों पर दबाव बढ़ाना है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि ईरान की मदद करने वाले लोगों और संस्थाओं के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।