राजस्थान के श्रीगंगानगर की खुली जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा जयपुर के दुष्यंत हत्याकांड का दोषी दीक्षांत कामरा कथित तौर पर पांच दिन तक थाईलैंड घूमकर आया। बताया जा रहा है कि वह 9 से 13 अक्टूबर 2025 के बीच विदेश में था, जबकि इस दौरान जेल में उसकी हाजिरी दर्ज होती रही। मामले में जेल कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू हो गई है। यह मामला तब सामने आया, जब दीक्षांत की कार से 40 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। राजस्थान के जेल महानिदेशक अशोक राठौड़ के निर्देश पर संबंधित जेल वार्डर हापुराम के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है और उसे निलंबित कर दिया गया है। अधिकारी अब विदेश यात्रा और हाजिरी के रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।(Rajasthan Open Jail Case)