मुंबई की ब्रिहनमुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने दिवाली के मौके पर वायु और ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत BMC ने कई सेलिब्रिटीज के वीडियो संदेश जारी किए थे, जिनमें अभिनेत्री दिया मिर्ज़ा, माधुरी दीक्षित, मराठी अभिनेत्री निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे शामिल थे। इन वीडियो में लोगों से पटाखे न फोड़ने और पर्यावरण-हितैषी दिवाली मनाने की अपील की गई थी।
हालांकि, मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित सातम ने दिया मिर्ज़ा के वीडियो पर आपत्ति जताते हुए कहा कि हमें उनसे दिवाली मनाने का पाठ नहीं पढ़ना है। इसके बाद BMC ने दिया मिर्ज़ा वाला वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से हटा दिया।
मुंबई की मेयर रीतू तावड़े ने दिया मिर्ज़ा को एंटी-हिंदू और एंटी-गवर्नमेंट बताया। तावड़े ने कहा कि उनका विरोध धर्म की वजह से नहीं, बल्कि इसलिए है क्योंकि दिया मिर्ज़ा हमेशा एंटी-हिंदू और एंटी-सरकार रुख अपनाती रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि BMC प्रशासन की गलती हुई है और दिया मिर्ज़ा को किसी भी सरकारी प्रोजेक्ट से ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और अजिंक्य रहाणे के वीडियो BMC के अकाउंट पर अभी भी मौजूद हैं। सिर्फ दिया मिर्ज़ा का वीडियो ही हटाया गया है।